तुर्की से लौटे भतीजे के संपर्क में आने से उसके चाचा-चाची भी हुए कोरोना पॉजिटिव, शहर में अब तीन मरीज

 जनता कर्फ्यू के बीच रविवार को शहर में तुर्की से लौटे एक युवक के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद सोमवार को उसके चाचा-चाची की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। इन दोनों को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। रविवार को शहर में 13 कोरोना संदिग्ध मरीजों को भर्ती किया गया था। इनमें से देर रात तक 11 लोगों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आने से सभी ने राहत महसूस की थी।


कोरोना पॉजिटिव पाए गए युवक की जांच रिपोर्ट आई नहीं थी। सोमवार शाम इनकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। निगेटिव रिपोर्ट आने वालों में कोरोना पीड़ित युवक की पत्नी, बेटी, मां व घर में काम करने बाई शामिल है। आज पॉजिटिव पाए गए दोनों पति पत्नी 62 व 59 साल के है। इनको अलग वार्ड में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। ये दोनों अपने भतीजे के साथ एक ही मकान में रहते है। तुर्की से लौटे भतीजे के संपर्क में आने के कारण इन्हें भी कोरोना हो गया।


रविवार सुबह शहर में कोरोना का पहला मरीज सामने आने के बाद प्रशासन ने उसके शास्त्री नगर स्थित मकान व आसपास के क्षेत्र को पूरी तरह से सील कर दिया। चिकित्सा विभाग की एक टीम पूरे क्षेत्र में घर-घर सर्वे कर कोरोना पॉजिटिव पाए घए युवक के संपर्क में आने वालों का पता लगाने में जुटी रही। इन सभी की स्क्रीनिंग की जाएगी। साथ ही पूरे क्षेत्र में फोगिंग कराई घई। वहीं, शास्त्री सर्किल से पीएनटी चौराहे तक की सड़क को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है।


पूरे क्षेत्र में सोडियम हाइपोक्लोराइड का स्प्रे किया गया। अब यह पता लगाया जा रहा है कि आज पॉजिटिव पाए गए पति-पत्नी के संपर्क में कौन-कौन लोग आए थे। इनका पता लगा स्क्रीनिंग की तैयारी की जा रही है। वहीं, जिला कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित ने शहर में पाए गए पहले कोरोना पॉजिटिव हिमांशु की रेल यात्रा व शहर में आने के बाद उसके संपर्क में आए लोगों से अपील की है कि वे स्वयं पहले कर अपनी जांच कराने के लिए आगे आए, ताकि शहर में कोरोना के फैलाव को रोका जा सके।